AI in Healthcare: हेल्थकेयर सेक्टर को तेजी से डिजिटल के साथ जोड़ा जा रहा है. इसी कड़ी में मूलचंद अस्पताल ने आर्टीफिशियल SAGE यानी स्मार्ट एनालिटिक्स एंड गाइडैंस इंजन नाम का एआई आधारित प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है. इसे लेकर अस्पताल का ये दावा है कि ये एशिया का पहला इंटीग्रेटेड कन्वर्सेशनल एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म हो सकता है. जिससे क्लिनिकल ऑपरेशनल, क्वालिटी और मैनेजमेंट से जुड़े 14 मॉड्यूल एक साथ काम करते हैं.
जानकारी के अनुसार ये प्लेटफॉर्म डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल मैनेजमेंट को केवल सामान्य भाषा में सवाल पूछकर मरीज और अस्पताल से जुड़ी जरूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराता है. इससे अलग-अलग रिपोर्ट देखने या कई सिस्टम में डेटा खोजने की जरूरत कम हो जाएगी.
एक सवाल पूछते ही मिलेगी मरीज की पूरी जानकारी
AI SAGE को अस्पताल के सभी प्रमुख डिजिटल सिस्टम से जोड़ा गया है. डॉक्टर अगर किसी मरीज की मेडिकल हिस्ट्री, लैब रिपोर्ट, इमेजिंग रिपोर्ट या लंबित जांच की जानकारी जानना चाहें, तो उन्हें सिर्फ एक सवाल पूछना होगा. प्लेटफॉर्म कुछ ही सेकंड में सारी जानकारी एक जगह दिखा देगा.
डॉक्टरों को कैसे होगा फायदा?
इस प्लेटफॉर्म की मदद से डॉक्टरों को मरीज की पूरी क्लिनिकल प्रोफाइल एक स्क्रीन पर मिल जाएगी. इससे इलाज के दौरान फैसले लेने में आसानी होगी और किसी जरूरी रिपोर्ट या जांच के छूटने की संभावना भी कम होगी. मूलचंद अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. राजेश कुमार मीना का कहना है कि पहले मरीज की पूरी जानकारी के लिए कई अलग-अलग सिस्टम देखने पड़ते थे, लेकिन अब एक सवाल पूछकर पूरी मेडिकल हिस्ट्री सामने आ जाती है. इससे इलाज तेज, सुरक्षित और बेहतर बनता है.
इमरजेंसी विभाग में भी मिलेगी रियल-टाइम जानकारी
AI SAGE का एक मॉड्यूल इमरजेंसी विभाग के लिए भी तैयार किया गया है. इसके जरिए यह पता लगाया जा सकेगा कि किस मरीज को भर्ती होने में सबसे ज्यादा समय लग रहा है, किस जांच में देरी हो रही है और कहां मरीजों की संख्या अधिक है. इससे अस्पताल समय रहते जरूरी कदम उठा सकेगा.
ऑपरेशन थिएटर की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी
यह प्लेटफॉर्म ऑपरेशन थिएटर की बुकिंग, सर्जरी रद्द होने के कारण और मरीजों के इंतजार के समय का भी विश्लेषण करेगा.इससे अस्पताल को ऑपरेशन थिएटर का बेहतर उपयोग करने और मरीजों की सर्जरी समय पर कराने में मदद मिलेगी.
रोगी सुरक्षा और गुणवत्ता पर रहेगा फोकस
AI SAGE अस्पताल में संक्रमण दर, इलाज के परिणाम, मरीजों की सुरक्षा और अन्य क्वालिटी इंडिकेटर्स की लगातार निगरानी करेगा. अगर किसी विभाग में कोई समस्या दिखाई देती है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट देगा ताकि समय रहते सुधार किया जा सके.
क्या बोले अस्पताल के प्रबंध निदेशक?
मूलचंद अस्पताल के प्रबंध निदेशक विभु तलवार ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन का समय बचाना है, ताकि वे डेटा खोजने के बजाय मरीजों की देखभाल पर ज्यादा ध्यान दे सकें. उनके अनुसार, AI SAGE अस्पताल के हर स्तर पर बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा और मरीजों की सुरक्षा को मजबूत बनाएगा.
हेल्थकेयर में AI की बढ़ती भूमिका
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब केवल तकनीक तक सीमित नहीं है, बल्कि हेल्थकेयर में भी इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है. AI आधारित सिस्टम अस्पतालों में डेटा का तेजी से विश्लेषण करने, इलाज में देरी कम करने और मरीजों की देखभाल को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. AI SAGE इसी दिशा में मूलचंद अस्पताल की एक नई पहल है.
यह भी पढ़ें: 16 साल में डायबिटीज और फैटी लिवर! 18 वर्षीय युवक ने 11 फूड कंपनियों पर ठोका मुकदमा
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. एक्सपर्ट्स द्वारा दी जाने वाली जानकारी के लिए जुड़े हमारे Youtube के साथ.)

