Janani Platform Launched: देश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने “स्वस्थ भारत” और “JANANI” नाम के दो बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किए हैं. इन प्लेटफॉर्म्स का मकसद इलाज के बजाय बीमारियों से पहले बचाव यानी प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को बढ़ावा देना है. जानकारी के अनुसार दिल्ली में आयोजित “नेशनल समिट ऑन इनोवेशन एंड इंक्लूसिविटी इन हेल्थकेयर” के दौरान मंत्री ने कहा कि भारत अब सिर्फ बीमारी का इलाज करने वाले मॉडल से आगे बढ़कर ऐसी हेल्थ सिस्टम की तरफ जा रहा है,
जहां बीमारी होने से पहले ही उसे रोकने पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा. “स्वस्थ भारत पोर्टल” एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है जो अलग-अलग सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को एक ही जगह जोड़ता है. अभी तक स्वास्थ्यकर्मियों को कई ऐप और पोर्टल इस्तेमाल करने पड़ते थे, जिससे उनका काफी समय कागजी काम में चला जाता था। नया पोर्टल इस परेशानी को कम करेगा और मरीजों की जानकारी आसानी से शेयर की जा सकेगी. यह सिस्टम आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और ABHA हेल्थ अकाउंट से भी जुड़ा होगा.
महिलाओं और बच्चों के लिए बनाया गया प्लेटफॉर्म
वहीं “JANANI” प्लेटफॉर्म खास तौर पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए बनाया गया है. इसका पूरा नाम “Journey of Antenatal, Natal and Neonatal Integrated Care” है. इस प्लेटफॉर्म की मदद से गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म और उसके बाद तक की पूरी मेडिकल जानकारी डिजिटल रूप से रिकॉर्ड की जा सकेगी। इससे हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान जल्दी हो सकेगी और समय पर इलाज मिल पाएगा.
सरकार का कहना है कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से आशा वर्कर, ANM और डॉक्टरों का काम आसान होगा और गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से पहुंच सकेंगी. कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि देशभर में 1.85 लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर अब लोगों के लिए पहला हेल्थ सेंटर बन चुके हैं, जहां डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और कैंसर जैसी बीमारियों की शुरुआती जांच की जा रही है. सरकार ने बच्चों में बढ़ती बीमारियों को ध्यान में रखते हुए RBSK 2.0 गाइडलाइन भी जारी की है, जिससे बच्चों में डायबिटीज और दूसरी गंभीर बीमारियों की जल्दी पहचान करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: च्युइंग से होगा मुंह के कैंसर का इलाज! साइंटिस्ट ने की नई रिसर्च
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं. )

