Pawan Kalyan Surgery: आंध्र-प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण (Pawan Kalyan Surgery) इस समय मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती है. जहां उनके दाहिने कंधे की सफल सर्जरी की गई. बताया गया कि रोटेटर कफ टियर की समस्या से आंध्र-प्रदेश के उपमुख्यमंत्री परेशान थे. जिसके कारण उन्हें ये सर्जरी करवानी पड़ी.
जानकारी के अनुसार फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वो डॉक्टरों की निगरानी में है. डॉक्टरों को ये उम्मीद है कि वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे और हालत स्थिर हो जाएगी. डॉक्टरों का कहना है कि अगले चार महीनों में उनके कंधे की कार्यक्षमता सामान्य हो जाएगी.
क्या होता है रोटेटर कफ टियर?
अब जान लेते हैं कि रोटेटर कफ टियर क्या होता है, तो बता दें कि रोटेटर कफ चार मसल्स और टेंडन्स का एक बंडल होता है जो हमारे कंधों को स्टेबल बनाए रखने उसे 360 डिग्री एंगल तक घुमाने में मदद करता है. लेकिन जब चोट लगती है तो कंधा अपनी स्टेबिलिटी और ताकत दोनों को खो देता है. यह तब होता है जब फटते हुए रोटेटर कफ टेंडन्स से बहुत ज़्यादा टेंशन हड्डी के एक टुकड़े को खींच लेता है जहाँ वे जुड़े होते हैं. पुराना स्ट्रेस, बार-बार खिंचना, या अचानक ट्रॉमा इस मिली-जुली चोट का कारण बन सकता है, जिससे लगातार दर्द और चलने-फिरने में दिक्कत होती है.
दोनों कंधे में पाई गई थी चोट
अब उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी की ओर से जानकारी दी गई कि पवन कल्याण के दोनों कंधों में गंभीर चोट पाई गई थी. जांच में सुप्रास्पिनेटस और इन्फ्रास्पिनेटस टेंडन में गंभीर टियर और ग्रेटर ट्यूबरोसिटी हड्डी में एवल्शन फ्रैक्चर की स्थिति सामने आई थी. डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी कराने की सलाह दी थी. जिसे देखते हुए उन्हें 11 जुलाई को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अस्पताल में भर्ती कराया गया.
CM ने की मुलाकात
वहीं उपमुख्यमंत्री के अस्पताल से भर्ती होने के बाद सीएम चंद्रबाबू नायडू ने अस्पताल पहुंचकर पवन कल्याण से मुलाकात की और उनके हेल्थ का जायजा लिया. जानकारी मिली कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है. पवन कल्याण लंबे समय से राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं.

