ABHA Linked 100 Crore Users: भारत के डिजिटल हेल्थ सिस्टम ने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत अब तक 100 करोड़ से ज्यादा हेल्थ रिकॉर्ड्स को ABHA यानी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट से जोड़ दिया गया है. सरकार ने इसे देश के हेल्थकेयर सेक्टर में बड़ा बदलाव बताया है. सरकार के मुताबिक ABHA एक डिजिटल हेल्थ आईडी की तरह काम करता है. इसकी मदद से लोग अपने मेडिकल रिकॉर्ड्स को ऑनलाइन सुरक्षित तरीके से स्टोर और एक्सेस कर सकते हैं. मरीज जरूरत पड़ने पर अपनी रिपोर्ट्स डॉक्टर, अस्पताल या लैब के साथ डिजिटल तरीके से शेयर भी कर सकते हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि फरवरी 2025 में ABHA से जुड़े हेल्थ रिकॉर्ड्स की संख्या 50 करोड़ थी, जो अब सिर्फ 15 महीनों में बढ़कर 100 करोड़ के पार पहुंच गई है. यानी बहुत तेजी से लोग इस डिजिटल हेल्थ सिस्टम को अपना रहे हैं.राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा है. यहां 15 करोड़ से ज्यादा हेल्थ रिकॉर्ड्स ABHA से लिंक किए गए हैं. इसके अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात ने भी इस अभियान में अहम योगदान दिया है.
कई सरकारी प्लेटफॉर्म की अहम भूमिका रही
इस उपलब्धि में कई सरकारी प्लेटफॉर्म्स की भी बड़ी भूमिका रही है. इनमें CoWIN, PM-JAY, eHospital, eSushrut और अलग-अलग राज्यों के हेल्थ पोर्टल शामिल हैं. साथ ही 450 से ज्यादा प्राइवेट हेल्थ टेक कंपनियां भी ABDM से जुड़ चुकी हैं. सरकार का कहना है कि इस डिजिटल सिस्टम से मरीजों को इलाज में काफी सुविधा मिलेगी. लोगों को बार-बार मेडिकल रिपोर्ट्स साथ लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी और डॉक्टरों को भी मरीज की पुरानी हेल्थ हिस्ट्री आसानी से मिल सकेगी.
देश के हेल्थ सिस्टम को स्मार्ट और आसान बनाया
इससे इलाज तेजी से और बेहतर तरीके से हो पाएगा. नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के CEO डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल ने कहा कि यह उपलब्धि भारत में डिजिटल और पेपरलेस हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. आने वाले समय में ABDM देश के हेल्थ सिस्टम को और ज्यादा स्मार्ट और मरीजों के लिए आसान बनाएगा.
यह भी पढ़ें: बिना प्रिस्क्रिप्शन नहीं बिकेगी Pregabalin दवा! जानें क्यों सरकार ने Schedule H1 में शामिल करने का लिया फैसला?
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

