Cordyceps & Fungi: इन दिनों एक खबर खूब सुर्खियां बटोर रही है. ये खबर है कीड़ा जड़ी बूटी. जी हां, सुनने में जितना अजीब लग रहा है, लेकिन इस कीड़ा जड़ी बूटी के फायदे अनेक हैं. ये कीड़ा जड़ी बूटी हिमालय की ऊंची पहाड़ियों पर मिलता है. ये किसी सोने से कम नहीं, वहीं इसके दाम भी आसमान छूते हैं. इसे हिमालयन गोल्ड कहा जाता है.
कीड़ा जड़ी बूटी पर हुई रिसर्च बताती है कि यह स्टेमिना और इम्यूनिटी बढ़ाने और कई खतरनाक बीमारियों से बचाव करने में मदद करती है. मीडिया रिोपर्ट्स के मुताबिक इसकी एक किलो की मात्रा पर आपको 15 से 20 लाख रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं. हिमालय गोल्ड के नाम से मशहूर कीड़ा जड़ी बूटी को अंग्रेजी में Cordyceps sinensis Himalayan fungus भी कहते हैं.
साल भर का जोड़ते हैं पैसे
गर्मियों में जब हिमालय की बर्फ पिघलने लगती है, तब नेपाल के तिब्बत सीमा से लगे इलाकों के लोग अपने घर छोड़कर ऊंचे पहाड़ों की ओर चले जाते हैं. वहां वे कई दिनों तक टेंट लगाकर रहते हैं और रोज़ कीड़ा जड़ी (यारसागुंबा) की तलाश करते हैं. यह दुर्लभ जड़ी-बूटी बहुत महंगी बिकती है, इसलिए लोग इसे इकट्ठा करके बेचते हैं और उससे पूरे साल की कमाई का इंतजाम करते हैं. नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मौसम में कई गांव लगभग खाली हो जाते हैं क्योंकि ज्यादातर परिवार कीड़ा जड़ी खोजने पहाड़ों पर चले जाते हैं.
कीड़ा जड़ी बूटी का सेवन कैसे किया जाता है?
रिसर्च के अनुसार, कीड़ा जड़ी का सेवन अक्सर एथलीट, पर्वतारोही, बुजुर्ग और शारीरिक क्षमता बढ़ाने वाले लोग करते हैं. हालांकि, इसके कई लोकप्रिय दावों को लेकर इंसानों पर किए गए वैज्ञानिक प्रमाण अभी सीमित हैं. कीड़ा जड़ी को सूखे रूप में, पाउडर बनाकर, चाय या गर्म पानी में मिलाकर और कैप्सूल या फिर सप्लीमेंट के रूप में लिया जाता है. बता दें कि आजकल बाजार में मिलने वाले अधिकांश कॉर्डिसेप्स सप्लीमेंट लैब में तैयार किए गए होते हैं.
ब्रिटानिका के अनुसार, कॉर्डिसेप्स की कुछ प्रजातियां पारंपरिक चिकित्सा में उपयोग की जाती हैं और इनमें ऐसे जैव-सक्रिय यौगिक पाए जाते हैं जिन पर एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-इन्फ्लेमेटरी और इम्यून सिस्टम से जुड़े प्रभावों के लिए अध्ययन चल रहे हैं. हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह का सप्लीमेंट्स लेने के लिए डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है. बिना उनकी सलाह के इस तरह के सप्लीमेंट्स का सेवन भूलकर भी न करें.
कीड़ा जड़ी बूटी के फायदे
कीड़ा जड़ी बूटी में ऐसे कई जैव-सक्रिय यौगिक, अमीनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरीके से लाभ पहुंचाने में मदद करते हैं. माना जाता है कि यह शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को बेहतर बनाने, ऊर्जा और स्टेमिना बढ़ाने के साथ-साथ थकान कम करने में मदद करती है. इसके अलावा इसमें मौजूद अमीनो एसिड कोशिकाओं और सेल्स की मरम्मत में सहायक हो सकते हैं, जिससे एंटी-एजिंग प्रभाव देखने को मिल सकते हैं. कुछ रिसर्च बताती है कि कीड़ा जड़ी को इम्यूनिटी मजबूत करने, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम करने और शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने वाला भी बताया गया है. वहीं, शुरुआती शोधों के अनुसार इसमें मौजूद कुछ यौगिक हार्ट हेल्थ, किडनी की कार्यक्षमता और ब्लड शुगर कंट्रोल में सहायक हो सकते हैं. हालांकि, इन फायदों की पुष्टि के लिए अभी और व्यापक वैज्ञानिक शोध की आवश्यकता है, इसलिए इसका सेवन बिना एक्सपर्ट के बिल्कुल न करें.
यह भी पढ़ें: डायबिटीज से बचा सकते हैं आपके दोस्त! 9 साल की रिसर्च में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

