FSSAI Notice To IRCTC: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने IRCTC को एक कानूनी नोटिस जारी किया है. यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई है, जिसमें दावा किया गया कि ट्रेन नंबर 12223 लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT)-एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस में कैटरिंग स्टाफ ट्रेन के टॉयलेट के अंदर खाने के बर्तन धो रहा था.
FSSAI ने इस घटना को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया है. प्राधिकरण के अनुसार, अगर ट्रेन के टॉयलेट में खाने के बर्तन साफ किए जा रहे हैं तो यह यात्रियों की सेहत के लिए बड़ा खतरा हो सकता है.
IRCTC से मांगी रिपोर्ट
मामले को गंभीरता से लेते हुए FSSAI ने 28 मई 2026 को IRCTC को नोटिस जारी किया है. साथ ही IRCTC से पूरे मामले पर विस्तृत जवाब और Action Taken Report (ATR) जल्द से जल्द सौंपने को कहा गया है.
नियमों का पालन करने का निर्देश
FSSAI ने IRCTC को निर्देश दिया है कि सभी रेलवे कैटरिंग सेवाओं में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए. ताकि यात्रियों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता न हो.
आगे हो सकती है सख्त कार्रवाई
FSSAI ने साफ किया है कि वह पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. अगर जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो खाद्य सुरक्षा कानून के तहत संबंधित पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी और नियामकीय कार्रवाई की जा सकती है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. इस वीडियो में कथित तौर पर कैटरिंग स्टाफ ट्रेन में टॉयलेट के अंदर बर्तनों को साफ करते दिखाई दिया. किसी ने वीडियो रिकॉर्ड किया और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. अब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने रेलवे की कैटरिंग व्यवस्था और यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की क्वालिटी पर सवाल उठाए. इसके बाद एफएसएसएआई ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आईआरसीटीसी को नोटिस भेजा.
यह भी पढ़ें: Bengal में सर्वाइकल कैंसर रोकने की बड़ी तैयारी, लाखों लड़कियों को मिलेगा HPV टीका

