100 Jump Challenge: आजकल सोशल मीडिया पर फिटनेस से जुड़े कई ट्रेंड्स वायरल होते रहते हैं. ऐसा ही एक ट्रेंड हाल ही में चर्चा में आया, जिसमें एक महिला ने दावा किया कि ChatGPT की सलाह पर उसने रोज़ 100 जंप (कूदना) शुरू किए और लगातार 110 दिनों तक यह चैलेंज पूरा किया. इसके बाद लोगों के मन में सवाल उठने लगा कि क्या रोज़ 100 जंप करने से वास्तव में सेहत को फायदा होता है?
इस विषय पर NHS के जनरल प्रैक्टिशनर और लॉन्गिविटी मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. विजय वेंद्र प्रकाश ने अपनी राय साझा की है. उन्होंने बताया कि जंपिंग एक ऐसी एक्सरसाइज है जो शरीर को कई तरह के फायदे पहुंचा सकती है, लेकिन इसे सही तरीके से करना भी उतना ही जरूरी है.
हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार
डॉ. विजय के मुताबिक जब हम जंप करके जमीन पर उतरते हैं, तो हमारी हड्डियों पर एक विशेष प्रकार का दबाव पड़ता है. यह दबाव हड्डियों को मजबूत बनाने की प्रक्रिया को सक्रिय करता है. यही वजह है कि जंपिंग को सिर्फ चलने की तुलना में हड्डियों की मजबूती के लिए ज्यादा प्रभावी माना जाता है.
ब्लड सर्कुलेशन में हो सकता है सुधार
जंपिंग के दौरान पिंडली (काफ) की मांसपेशियां सक्रिय होती हैं. इन्हें शरीर का “दूसरा दिल” भी कहा जाता है क्योंकि ये शरीर में खून के प्रवाह को बेहतर बनाने में मदद करती हैं. नियमित जंपिंग से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर हो सकता है और पैरों में सूजन या फ्लूइड जमा होने की समस्या कम हो सकती है.
मेटाबॉलिज्म को भी मिल सकता है फायदा
एक्सपर्ट के अनुसार 100 जंप करने में करीब 1 से 2 मिनट का समय लगता है. यह एक छोटे HIIT (हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग) सेशन की तरह काम करता है. इससे शरीर में ऊर्जा बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो सकते हैं और इंसुलिन सेंसिटिविटी में हल्का सुधार देखने को मिल सकता है. हालांकि मेटाबॉलिक फायदे बहुत ज्यादा नहीं होते हैं.
मानसिक और व्यवहारिक फायदे भी हैं
डॉ. विजय का कहना है कि जंपिंग का सबसे बड़ा फायदा सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक भी है. जब कोई व्यक्ति रोज़ाना एक हेल्दी आदत अपनाता है, तो उसके अंदर अनुशासन विकसित होता है. इससे व्यक्ति की सोच बदलती है और वह खुद को एक हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने वाला इंसान मानने लगता है.
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
हालांकि एक्सपर्ट चेतावनी देते हैं कि हर किसी के लिए रोज़ाना जंपिंग करना सुरक्षित नहीं हो सकता. जिन लोगों को घुटनों, एड़ी (Achilles Tendon) या जोड़ों में दर्द की समस्या है, उन्हें यह एक्सरसाइज शुरू करने से पहले डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए.अगर जंपिंग गलत तरीके से की जाए या शरीर को इसके लिए तैयार किए बिना रोज़ किया जाए, तो इससे जोड़ों में दर्द और चोट का खतरा बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: जंग लगे चाकू का किया इस्तेमाल तो… रेस्टोरेंट के लिए FSSAI ने क्यों जारी की कड़ी गाइ़़डलाइंस?
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

