Digital Health India: 29 जून को आरोग्य सेतु 2.0 के साथ सरकार eSushrut@Clinic नाम का एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च करेगी. इसे सी-डैक (C-DAC) ने खासतौर पर छोटे क्लीनिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC), सब-सेंटर और निजी OPD क्लीनिकों के लिए तैयार किया है.
दरअसल, देश के अधिकांश छोटे क्लीनिक आज भी मरीजों का रिकॉर्ड, बिलिंग और दूसरी जरूरी जानकारी कागजों पर ही रखते हैं. बड़े अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले Hospital Management System (HMIS) छोटे क्लीनिकों के लिए काफी महंगे और जटिल होते हैं. ऐसे में सरकार एक ऐसा सस्ता और आसान डिजिटल सिस्टम लेकर आई है, जिसे बिना किसी तकनीकी विशेषज्ञता के भी इस्तेमाल किया जा सके.
क्या है eSushrut@Clinic?
eSushrut@Clinic एक क्लाउड आधारित Hospital Management Information System (HMIS) है. इसकी मदद से क्लीनिक का लगभग पूरा काम डिजिटल तरीके से किया जा सकेगा. मरीज का रजिस्ट्रेशन, बिल बनाना, रिकॉर्ड संभालना और रिपोर्ट तैयार करना जैसे काम एक ही प्लेटफॉर्म पर होंगे. सरकार का कहना है कि यह सिस्टम छोटे स्वास्थ्य केंद्रों में डिजिटल हेल्थ सिस्टम को बढ़ावा देने में मदद करेगा और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) से जुड़ना भी आसान बनाएगा.
क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
इस प्लेटफॉर्म में मरीजों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, डिजिटल मेडिकल रिकॉर्ड, बिलिंग और रिपोर्टिंग जैसी सुविधाएं होंगी. इसके अलावा डॉक्टरों को Speech-to-Text फीचर मिलेगा, जिससे वे बोलकर मरीज का विवरण दर्ज कर सकेंगे. साथ ही Clinical Decision Support System (CDSS) की मदद से इलाज से जुड़े सुझाव भी मिलेंगे. इसमें ABHA नंबर, Scan & Share, Find ABHA और अन्य ABDM से जुड़ी सुविधाएं भी पहले से मौजूद रहेंगी.
सिर्फ रजिस्टर्ड डॉक्टर ही कर पाएंगे इस्तेमाल
सरकार ने इसमें सुरक्षा का भी ध्यान रखा है. केवल Health Professional Registry (HPR) में पंजीकृत डॉक्टर ही इस सिस्टम का इस्तेमाल कर सकेंगे. इससे फर्जी डॉक्टरों द्वारा प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल की संभावना कम होगी.
अभी कितने अस्पताल जुड़े हैं?
सरकार के मुताबिक फिलहाल देशभर में 800 से अधिक स्वास्थ्य संस्थान eSushrut@Clinic से जुड़ चुके हैं और इसके जरिए सैकड़ों मरीजों के डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किए जा चुके हैं. वहीं C-DAC का eSushrut सॉफ्टवेयर पहले से ही 15 से अधिक AIIMS और कई राज्य सरकारों के अस्पतालों में भी इस्तेमाल किया जा रहा है.
कितना होगा खर्च?
सरकार ने इसे छोटे क्लीनिकों को ध्यान में रखते हुए किफायती बनाया है. इसकी सामान्य कीमत 499 रुपये प्रति माह रखी गई है, जिसमें 5 यूजर तक इसका इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) के सहयोग से फिलहाल 200 रुपये की छूट मिलेगी. यानी शुरुआती कीमत सिर्फ 299 रुपये प्रति माह होगी. इसके अलावा लॉन्च के बाद पहले तीन महीने तक यह सेवा पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी. यदि किसी क्लीनिक को पांच से ज्यादा यूजर जोड़ने हैं, तो प्रत्येक अतिरिक्त यूजर के लिए 50 रुपये प्रति माह देना होगा.
यह भी पढ़ें: अब एक ही ऐप में दिखेंगे हेल्थ रिकॉर्ड, OPD बुकिंग, आयुष्मान और हॉस्पिटल पेमेंट की सुविधा; लॉन्च होगा Aarogya Setu 2.0
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

