Aarogya Setu 2.0 Launch: भारत सरकार देश के डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा 29 जून को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हेल्थ सेक्टर से जुड़ी कई नई डिजिटल सेवाओं की शुरुआत करेंगे. इन पहलों का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना, अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच डिजिटल तालमेल बढ़ाना और पूरे देश में डिजिटल हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है.
इन पहलों को नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (NHA) और नेशनल रिसोर्स सेंटर फॉर EHR स्टैंडर्ड्स (NRCeS) ने विकसित किया है. सरकार का कहना है कि इससे मरीजों, डॉक्टरों, अस्पतालों, बीमा कंपनियों और नीति निर्माताओं सभी को फायदा होगा.
लॉन्च होगा नया आरोग्य सेतु 2.0
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी घोषणा आरोग्य सेतु 2.0 ऐप का लॉन्च है. कोरोना महामारी के दौरान आरोग्य सेतु ऐप का इस्तेमाल संक्रमण से जुड़ी जानकारी और सुरक्षा के लिए किया गया था. अब इसका नया संस्करण केवल कोविड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह लोगों के लिए एक व्यापक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा.
इस ऐप के जरिए लोग ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) बना और मैनेज कर सकेंगे. साथ ही अपने डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड देख सकेंगे, डॉक्टर के साथ जरूरत पड़ने पर सुरक्षित तरीके से साझा कर सकेंगे और AI आधारित हेल्थ इनसाइट्स भी प्राप्त कर सकेंगे. इसके अलावा अस्पताल में QR कोड स्कैन करके OPD रजिस्ट्रेशन, Scan & Pay के जरिए भुगतान, दवा लेने के रिमाइंडर और परिवार के सभी सदस्यों के हेल्थ रिकॉर्ड को एक ही जगह मैनेज करने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी.
आसपास के अस्पताल और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी मिलेंगी
आरोग्य सेतु 2.0 लोगों को अपने आसपास उपलब्ध अस्पताल, डॉक्टर, एम्बुलेंस सेवा, ब्लड बैंक और जन औषधि केंद्र खोजने में भी मदद करेगा. इससे जरूरत के समय सही स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचना पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा.
आयुष्मान भारत योजना की सेवाएं भी होंगी उपलब्ध
नया ऐप आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) से जुड़ी कई सेवाओं को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा. लाभार्थी PM-JAY से जुड़े अस्पताल खोज सकेंगे, आयुष्मान कार्ड और उपचार से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे तथा योजना से संबंधित अन्य सुविधाओं का लाभ आसानी से उठा सकेंगे. सरकार आयुष्मान ऐप का नया और बेहतर संस्करण भी लॉन्च करेगी. इसमें पात्रता जांचने, आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने, इलाज का रिकॉर्ड देखने, अस्पताल खोजने और शिकायत दर्ज कराने जैसी सुविधाएं पहले से अधिक आसान होंगी.
WhatsApp पर मिलेगा ‘आयुष्मान सारथी’
सरकार ‘आयुष्मान सारथी’ नाम से एक नया WhatsApp चैटबॉट भी शुरू करने जा रही है. इसके जरिए लोग चैट के माध्यम से योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, अपनी पात्रता जांच सकेंगे और जरूरत पड़ने पर विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे. इसका उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक सरल तरीके से पहुंचाना है.
हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम की प्रक्रिया होगी आसान
सरकार नेशनल हेल्थ क्लेम एक्सचेंज (NHCX) भी लॉन्च करेगी. यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म होगा, जो अस्पतालों और बीमा कंपनियों के बीच हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम से जुड़ी जानकारी को तेजी और एक समान डिजिटल फॉर्मेट में साझा करेगा. इससे क्लेम प्रोसेसिंग तेज होगी, कागजी कार्रवाई कम होगी और मरीजों को बीमा क्लेम के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा.
इसके साथ ही NHA एक नई डिजिटल सुविधा भी शुरू करेगा, जिससे अलग-अलग बीमा कंपनियों की योजनाओं की जानकारी एक समान डिजिटल फॉर्मेट में उपलब्ध हो सकेगी. इससे डेटा साझा करना आसान होगा और क्लेम प्रक्रिया में होने वाली गलतियां भी कम होंगी.
आम लोगों को क्या होगा फायदा?
सरकार का मानना है कि इन नई डिजिटल पहलों से स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ज्यादा आसान, तेज और पारदर्शी बनेंगी. मरीजों को अपने मेडिकल रिकॉर्ड हमेशा डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे, अस्पतालों में कागजी प्रक्रिया कम होगी, हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम तेजी से निपटेंगे और आयुष्मान भारत जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना भी अधिक सुविधाजनक हो जाएगा. कुल मिलाकर, इन पहलों का उद्देश्य भारत के डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत बनाकर नागरिकों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ें: अब एक ही ऐप में दिखेंगे हेल्थ रिकॉर्ड, OPD बुकिंग, आयुष्मान और हॉस्पिटल पेमेंट की सुविधा; लॉन्च होगा Aarogya Setu 2.0
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

