Animal Vaccine Testing Expanded: देश में पशुओं की वैक्सीन की गुणवत्ता और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने सेंट्रल ड्रग्स लेबोरेटरी (CDL) के कामकाज का दायरा बढ़ा दिया है. अब उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित चौधरी चरण सिंह-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमल हेल्थ (CCS-NIAH) में ज्यादा संख्या में पशु वैक्सीन की जांच की जा सकेगी.
सरकार ने ड्रग्स रूल्स, 1945 में बदलाव करते हुए पशु वैक्सीन टेस्टिंग की सुविधा को बढ़ाने की मंजूरी दी है. इसका उद्देश्य पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाली वैक्सीन की गुणवत्ता, सुरक्षा और असर को सुनिश्चित करना है.
अब 42 पशु वैक्सीन की हो सकेगी जांच
पहले CCS-NIAH में सिर्फ दो पशु वैक्सीन की जांच की अनुमति थी। नई व्यवस्था के बाद अब यहां 42 अलग-अलग पशु वैक्सीन की जांच की जा सकेगी. इसमें कुत्तों, घोड़ों, मुर्गियों और अन्य पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाली वैक्सीन शामिल हैं. इनमें कैनाइन डिस्टेंपर, कैनाइन कोरोना वायरस, डक प्लेग, फाउल पॉक्स, साल्मोनेला और टेटनस जैसी बीमारियों की वैक्सीन भी शामिल हैं.
पशुओं की सेहत और किसानों को मिलेगा फायदा
सरकार के इस फैसले से पशु वैक्सीन की जांच प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है. इससे वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों को मंजूरी मिलने में आसानी होगी और अच्छी गुणवत्ता वाली वैक्सीन समय पर उपलब्ध हो सकेगी. इससे देश में पशुओं की बीमारियों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और पशुपालन से जुड़े लोगों को भी फायदा मिलेगा. बेहतर पशु स्वास्थ्य से दूध उत्पादन और पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है.
भारत में पशु वैक्सीन सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
भारत दुनिया के बड़े पशु वैक्सीन उत्पादक देशों में शामिल है. नई टेस्टिंग सुविधा से पशु स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और सुरक्षित व प्रभावी वैक्सीन की उपलब्धता बढ़ेगी. सरकार का कहना है कि यह कदम देश में पशु जैविक उत्पादों (Veterinary Biologicals) की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
यह भी पढ़ें: सरकार ने 16 दवाओं पर लगाया बैन, कहीं आप तो नहीं खा रहे ये दवा? जानें पूरी जानकारी
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

