Beetroot Blood Pressure Study: हाई ब्लड प्रेशर (High Blood Pressure) की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए एक नई रिसर्च सामने आई है.वैज्ञानिकों ने पाया है कि चुकंदर (Beetroot) खाने या उसका जूस पीने के बाद अगर शुगर वाली च्युइंग गम चबाई जाए तो कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर कम हो सकता है.
यह रिसर्च बताती है कि चुकंदर में मौजूद नाइट्रेट (Nitrate) शरीर में जाकर ब्लड फ्लो को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है. वहीं, गम चबाने से मुंह के अंदर ऐसा माहौल बनता है जिससे यह प्रक्रिया और तेज हो सकती है.
चुकंदर और गम का क्या है कनेक्शन?
चुकंदर में भरपूर मात्रा में नाइट्रेट पाया जाता है. जब हम चुकंदर खाते हैं तो मुंह में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया नाइट्रेट को नाइट्राइट (Nitrite) में बदलते हैं. इसके बाद शरीर इसे नाइट्रिक ऑक्साइड (Nitric Oxide) में बदलता है, जो ब्लड वेसल्स को रिलैक्स करने और ब्लड फ्लो बेहतर करने में मदद करता है. रिसर्च के अनुसार, शुगर वाली गम चबाने से लार (Saliva) का एसिड लेवल बदलता है, जिससे मुंह के बैक्टीरिया नाइट्रेट को तेजी से नाइट्राइट में बदल सकते हैं.
रिसर्च में क्या मिला?
रिसर्च में लोगों को चुकंदर का जूस देने के बाद कुछ घंटों तक शुगर वाली च्युइंग गम चबाने को कहा गया. इसके बाद शरीर में नाइट्राइट का स्तर बढ़ा और ब्लड प्रेशर में हल्की कमी देखी गई. वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दौरान ब्लड प्रेशर में करीब 1.9 से 2.7 mmHg तक की कमी देखी गई. हालांकि यह असर कुछ समय के लिए ही था.
क्या यह हाई BP की दवा की जगह ले सकता है?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह तरीका ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने की दवा का विकल्प नहीं है. इसका असर सीमित और अस्थायी पाया गया है. जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज जारी रखना चाहिए.
शुगर वाली गम का ज्यादा सेवन क्यों हो सकता है नुकसानदायक?
हालांकि रिसर्च में शुगर वाली गम का इस्तेमाल किया गया, लेकिन विशेषज्ञ लंबे समय तक ज्यादा चीनी लेने से बचने की सलाह देते हैं. ज्यादा शुगर दांतों और पूरे स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है.
यह भी पढ़ें: पहली बार योग शुरू कर रहे हैं? जानें सही मैट, कपड़े और जरूरी नियम
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

