Best Yoga For Busy People: आज लोग इतने बिजी हो चुके हैं कि उनके पास काम के अलावा अन्य किसी चीज़ के लिए समय नहीं है. यहां तक की उन्हें आराम करने तक का समय नहीं है. ऐसे में ही उन्हें लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है. योगा की मदद से आप इन बीमारियों को आसानी से दूर रख सकते हैं.
वर्किंग लोगों की व्यस्त दिनचर्या और लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदत से शरीर में कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं. लगातार बैठने से गर्दन, कंधे और कमर में दर्द, मांसपेशियों में अकड़न और पोश्चर से जुड़ी परेशानियां परेशान करती है. इसके अलावा तनाव, थकान, नींद की समस्या, वजन बढ़ना और शारीरिक एक्टिविटी की कमी से एनर्जी लेवल भी प्रभावित हो सकता है. ऐसे में रोजाना योगा करने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी.
ये योगासन करेंगे मदद
सूर्य नमस्कार
वर्किंग लोगों के लिए सूर्य नमस्कार करना फायदेमंद साबित होगा. यह कम समय में पूरे शरीर को एक्टिव करने में मदद करता है. रोजाना इसे डेली रूटीन में शामिल करना चाहिए. इसके करने से शरीर में लचीलापन बढ़ेगा. मांसपेशियां मजबूत होगी और लंबे समय तक बैठकर काम करने से होने वाली अकड़न कम होने में भी मदद मिलेगी. एक्सपर्ट कहते हैं रोजाना 5 से 10 मिनट करने से अनेकों लाफ मिलते हैं.
ऐसे करें सूर्य नमस्कार
- प्रणाम मुद्रा: सीधे खड़े होकर दोनों हाथों को जोड़ें और सांस सामान्य रखें.
- हस्त उत्तानासन: सांस लेते हुए हाथ ऊपर उठाएं और थोड़ा पीछे की ओर झुकें.
- पादहस्तासन: सांस छोड़ते हुए आगे झुकें और हाथों को पैरों के पास रखें.
- अश्व संचालनासन: एक पैर पीछे ले जाएं, दूसरा आगे रखें और सिर ऊपर उठाएं.
- पर्वतासन: दोनों पैर पीछे ले जाकर शरीर को उल्टे V आकार में रखें.
- अष्टांग नमस्कार: घुटने, छाती और ठुड्डी जमीन से लगाएं.
- भुजंगासन: छाती को ऊपर उठाएं और आगे देखें.
- पर्वतासन: फिर से पर्वत मुद्रा में आएं.
- अश्व संचालनासन: दूसरा पैर आगे लाएं.
- पादहस्तासन: दोनों पैरों को मिलाकर आगे झुकें.
- हस्त उत्तानासन: हाथ ऊपर उठाकर पीछे की ओर हल्का झुकें.
- प्रणाम मुद्रा: वापस सीधे खड़े होकर नमस्कार करें.
वृक्षासन
वर्किंग लोगों के लिए वृक्षासन योग भी फायदेमंद होगा. इसे Tree Pose भी कहा जाता है. ये योगासन शरीर में संतुलन बनाए रखने में मदद करता है. वर्किंग लोग लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं, जिससे उनके शरीर का बैलेंस और पोश्चर दोनों पर ही गहरा असर पड़ता है. ऐसे में वृक्षासन करने से उनके शरीर का बैलेंस और पोश्चर सुधरने में मदद मिलेगी. इसके अलावा पैरों की मांसपेशियों को मजबूत करने और फोकस बढ़ाने में मदद करता है.
कैसे करें वृक्षासन
- सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं और दोनों पैरों के बीच थोड़ा अंतर रखें.
- धीरे-धीरे अपना वजन एक पैर पर डालें और दूसरे पैर को मोड़कर उसका तलवा खड़ी हुई टांग की जांघ के अंदर रखें.
- दोनों हाथों को छाती के सामने नमस्कार मुद्रा में रखें या ऊपर की ओर उठाएं.
- शरीर को सीधा रखें और किसी एक बिंदु पर ध्यान केंद्रित करें.
- कुछ सेकंड तक इसी स्थिति में रहें, फिर धीरे से सामान्य स्थिति में आएं.
- अब दूसरे पैर से भी यही प्रक्रिया दोहराएं.
- शुरुआत में इसे 20–30 सेकंड तक करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं.
भुजंगासन
भुजंगासन को अंग्रेजी में Cobra Pose भी कहा जाता है. लंबे समय तक बैठकर काम करने वाले लोगों के लिए फायदेमंद माना जाता है. दरअसल लगातार बैठने से कमर और पीठ में अकड़न हो जाती है. ऐसे में भुजंगासन अकड़न को कम करने में मदद करेगा. भुजंगासन की मदद से रीढ़ की हड्डी में लचीलापन बढ़ाने, कंधों और छाती को खोलने और पोश्चर सुधारने में मदद करता है.
भुजंगासन करने का तरीका
- सबसे पहले पेट के बल योग मैट पर लेट जाएं.
- दोनों पैरों को सीधा रखें और पंजों को पीछे की ओर रखें.
- हथेलियों को कंधों के पास जमीन पर रखें.
- धीरे-धीरे सांस लेते हुए सिर, गर्दन और छाती को ऊपर उठाएं.
- ध्यान रखें कि नाभि तक का हिस्सा जमीन से लगा रहे और कोहनियां थोड़ी मुड़ी रहें.
- कुछ सेकंड इसी स्थिति में रहें और सामान्य सांस लेते रहें.
- सांस छोड़ते हुए धीरे-धीरे वापस शुरुआती स्थिति में आ जाएं.
अनुलोम-विलोम प्राणायाम
अनुलोम-विलोम प्राणायाम लंबे समय तक काम करने से होने वाले तनाव, मानसिक थकान और बेचैनी को कम करने में यह मदद कर सकता है. इसके अलावा रोजाना प्रैक्टिस करने से सांस लेने की क्षमता बेहतर होती है, मन शांत रहता है और फोकस बढ़ाने में मदद मिलती है. यह शरीर को रिलैक्स करने, ऊर्जा बनाए रखने और काम के दबाव के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है.
कैसे करें अनुलोम-विलोम
- सबसे पहले आरामदायक स्थिति में बैठ जाएं, जैसे पद्मासन या सुखासन.
- रीढ़ की हड्डी सीधी रखें और आंखें बंद कर लें.
- दाएं हाथ के अंगूठे से दाईं नाक बंद करें और बाईं नाक से धीरे-धीरे सांस लें.
- अब अनामिका उंगली से बाईं नाक बंद करके दाईं नाक से सांस छोड़ें.
- फिर दाईं नाक से सांस लें और बाईं नाक से छोड़ें.
- इसी प्रक्रिया को धीरे-धीरे 5–10 मिनट तक दोहराएं.
यह भी पढ़ें: बुजुर्गों के लिए किए जाने वाले आसान योगासन, कुर्सी करेंगी मदद
FAQs
जवाब: बिजी लोगों के लिए ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, बालासन और शवासन जैसे योग आसान और असरदार माने जाते हैं. इन्हें कम समय में किया जा सकता है और ये शरीर व मन को आराम देने में मदद करते हैं.
सवाल: रोज कितनी देर योग करने से फायदा मिल सकता है?
जवाब: अगर समय कम है तो रोज 10–15 मिनट योग करना भी फायदेमंद हो सकता है. नियमित अभ्यास से तनाव कम करने, लचीलापन बढ़ाने और शरीर को एक्टिव रखने में मदद मिलती है.
सवाल:ऑफिस या बिजी रूटीन वाले लोगों को योग क्यों करना चाहिए?
जवाब: लंबे समय तक बैठने, तनाव और अनियमित दिनचर्या की वजह से शरीर पर असर पड़ सकता है. योग शरीर की जकड़न कम करने, ऊर्जा बढ़ाने और मानसिक शांति बनाए रखने में मदद कर सकता है.
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

