Brain Tumor Symptoms: आजकल सिरदर्द एक आम समस्या बन गई है. काम का तनाव, नींद की कमी, स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताना या अन्य कारणों से कई लोगों को अक्सर सिरदर्द की शिकायत रहती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ मामलों में बार-बार होने वाला सिरदर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है? ऐसी ही एक गंभीर बीमारी है ब्रेन ट्यूमर.
ब्रेन ट्यूमर यानी दिमाग में असामान्य कोशिकाओं का बढ़ना. अगर इसका समय रहते पता न चले और इलाज न कराया जाए तो यह जानलेवा भी साबित हो सकता है. ऐसे में इसके शुरुआती लक्षणों को पहचानना बेहद जरूरी है.
कैसे पहचानें कि सिरदर्द सामान्य है या ब्रेन ट्यूमर का संकेत?
न्यूरोसर्जन डॉ. आमिर खान के अनुसार, हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर का संकेत नहीं होता. लेकिन अगर सिरदर्द के साथ कुछ खास लक्षण भी दिखाई दें तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. डॉक्टर बताते हैं कि यदि किसी व्यक्ति को सुबह उठते ही तेज सिरदर्द हो, उसके बाद उल्टी आए और उल्टी होने के बाद सिरदर्द में राहत मिल जाए, तो यह दिमाग के अंदर बढ़ते दबाव (Raised Intracranial Pressure) का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में ब्रेन ट्यूमर की जांच कराना जरूरी हो जाता है.
इन लक्षणों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज
अगर आपको बार-बार निम्न समस्याएं हो रही हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है:
- सुबह के समय तेज सिरदर्द होना
- सिरदर्द के साथ उल्टी आना
- उल्टी के बाद दर्द कम हो जाना
- दर्द के दौरान धुंधला दिखाई देना
- बार-बार एक जैसी परेशानी होना
- सिरदर्द की दवा लेने के बावजूद समस्या बनी रहना
विशेषज्ञों का कहना है कि जरूरी नहीं है कि हर बार ये लक्षण ब्रेन ट्यूमर के ही हों, लेकिन लगातार ऐसा होने पर जांच जरूर करानी चाहिए.
ब्रेन ट्यूमर क्या होता है?
ब्रेन ट्यूमर तब होता है जब दिमाग या उसके आसपास की कोशिकाएं असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं. यह दिमाग की नसों, झिल्लियों (मेम्ब्रेन) या आसपास की ग्रंथियों में भी विकसित हो सकता है. ट्यूमर छोटा भी हो सकता है और बड़ा भी. कई बार इसके लक्षण देर से दिखाई देते हैं, जिससे ट्यूमर का आकार काफी बढ़ जाता है.
ब्रेन ट्यूमर कितने प्रकार का होता है?
- प्राइमरी ब्रेन ट्यूमर
जब ट्यूमर की शुरुआत सीधे दिमाग में होती है, तो उसे प्राइमरी ब्रेन ट्यूमर कहा जाता है. यह कैंसरयुक्त भी हो सकता है और गैर-कैंसरयुक्त भी.
- मेटास्टेटिक या सेकेंडरी ब्रेन ट्यूमर
जब शरीर के किसी दूसरे हिस्से में मौजूद कैंसर दिमाग तक फैल जाता है, तो उसे मेटास्टेटिक या सेकेंडरी ब्रेन ट्यूमर कहा जाता है.
ब्रेन ट्यूमर के अन्य लक्षण क्या हैं?
सिरदर्द के अलावा ब्रेन ट्यूमर में कई और लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं, जैसे:
- अचानक दौरा पड़ना (Seizure)
- शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या सुन्नपन
- सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होना
- मूड और व्यवहार में बदलाव
- बोलने में परेशानी होना
- सही शब्द बोलने में कठिनाई महसूस होना
- सुनने और सूंघने की क्षमता प्रभावित होना
- धुंधला दिखाई देना
- बार-बार कन्फ्यूजन होना
- शरीर का संतुलन बिगड़ना
- लगातार थकान महसूस होना
- चक्कर आना या सिर घूमना
अगर आपको या आपके किसी परिचित को लंबे समय से सिरदर्द की समस्या है और इसके साथ ऊपर बताए गए लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, तो इसे सामान्य सिरदर्द समझकर नजरअंदाज न करें. समय पर डॉक्टर से जांच करवाने से बीमारी का जल्दी पता लगाया जा सकता है और इलाज शुरू किया जा सकता है. ध्यान रखें, हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर नहीं होता, लेकिन कुछ खास संकेतों को पहचानना आपकी सेहत और जिंदगी दोनों के लिए बेहद जरूरी हो सकता है.
यह भी पढ़ें: नॉर्थ ईस्ट में बढ़ रहा टीबी का खतरा! 14 हजार से अधिक लोग संक्रमित
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

