Health Risks Of Excess Eggs: अंडा प्रोटीन, विटामिन और कई जरूरी पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत माना जाता है. यही वजह है कि फिटनेस एक्सपर्ट्स और डॉक्टर भी इसे संतुलित मात्रा में खाने की सलाह देते हैं. लेकिन क्या होगा अगर कोई एक बार में 50 अंडे खाने की कोशिश करे? क्या ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है?
यह सवाल उत्तर प्रदेश के जौनपुर में हुई एक घटना के बाद चर्चा में आया है. दो दोस्तों के बीच शर्त लगी और दोनों ने अंडे खाने शुरू किए. एक व्यक्ति इसी चैलंज के दौरान बेहोश हुआ. अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई. अब मामला खूब चर्चाओं में है.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जौनपुर के बिबीगंज बाजार में दो दोस्तों के बीच बहस हो गई थी. बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने 2,000 रुपये की शर्त लगा ली कि कौन सबसे पहले 50 अंडे खा सकता है. बताया जाता है कि 42 वर्षीय सुभाष यादव 42वां अंडा खा रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद उनकी मौत हो गई. हालांकि, मौत की असली वजह क्या थी, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकता है. डॉक्टरों ने आशंका जताई थी कि एक साथ बहुत ज्यादा खाना खाने से शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है.
क्या एक साथ ज्यादा अंडे खाना खतरनाक हो सकता है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एक बार में बहुत अधिक अंडे खाने से पाचन तंत्र पर अचानक दबाव बढ़ सकता है. इससे कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं, जैसे:
- पेट में भारीपन और दर्द
- उल्टी या मतली
- सांस की नली में खाना फंसने का खतरा
- सांस लेने में परेशानी
- गंभीर पाचन संबंधी दिक्कतें
कुछ मामलों में ज्यादा भोजन खाने से दिल की कार्यप्रणाली पर भी असर पड़ सकता है, खासकर अगर व्यक्ति को पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या हो.
अंडे में मौजूद कोलेस्ट्रॉल को लेकर क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
अंडे की जर्दी में कोलेस्ट्रॉल पाया जाता है. सामान्य मात्रा में अंडा खाना ज्यादातर लोगों के लिए सुरक्षित माना जाता है, लेकिन बहुत अधिक मात्रा में इसका सेवन शरीर के लिए सामान्य नहीं माना जाता. कुछ शोधों में यह दावा किया गया है कि अत्यधिक अंडे खाने और कुछ स्वास्थ्य जोखिमों के बीच संबंध हो सकता है. हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस विषय पर अभी और शोध की जरूरत है और सिर्फ अंडे को ही इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
अंडे खाने को लेकर क्या सलाह देते हैं विशेषज्ञ?
चीन की झेजियांग यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता यीगु झांग के अनुसार, दिल की सेहत और लंबी उम्र के लिए कुछ लोगों के लिए अंडे की सफेदी या अन्य प्रोटीन स्रोत बेहतर विकल्प हो सकते हैं. वहीं यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के कार्डियोलॉजिस्ट प्रोफेसर रियाज पटेल का कहना है कि ज्यादातर स्वस्थ लोगों के लिए अंडे संतुलित आहार का हिस्सा हो सकते हैं. जब तक किसी डॉक्टर या डाइट एक्सपर्ट ने मना न किया हो, तब तक सीमित मात्रा में अंडे खाना सुरक्षित माना जाता है.
यह भी पढ़ें: मानसून से पहले बढ़े डेंगू के मामले, जानें शुरुआती लक्षण और बचाव के जरूरी उपाय
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

