HPV Vaccination Abhiyan : भारत में महिलाओं के स्वास्थ्य का खास ख्याल रखते हुए केंद्र सरकार ने HPV वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी. ये अभियान अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. जानकारी है कि इस अभियान के तहत महज तीन महीनों के अंदर 50 वाख 14 साल की लड़कियों को HPV वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है.
दरअसल सरकार का लक्ष्य है कि देशभर में अधिक से अधिक लड़कियों को वैक्सीन के तहत सुरक्षा दी जाए. जिससे की आने वाले समय में सर्वाईकल कैंसर के मामलों को कम किया जा सके. अब जान लेते हैं कि आखिर HPV वायरस क्या होता है?
क्या है HPV वायरस?
HPV यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (Human Papillomavirus) एक सामान्य वायरस है. इसके कई प्रकार होते हैं, लेकिन इसके कुछ हाई-रिस्क प्रकार महिलाओं में आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकते हैं. यह वायरस शरीर में लंबे समय तक रहने पर कोशिकाओं में बदलाव कर सकता है, जिससे कैंसर का खतरा बढ़ जाता है. हालांकि हर HPV संक्रमण कैंसर नहीं बनता, लेकिन इससे बचाव के लिए वैक्सीनेशन को सबसे प्रभावी उपायों में से एक माना जाता है.
सरकार क्यों चला रही है यह अभियान?
भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर में से एक है. कई मामलों में बीमारी का पता तब चलता है जब यह बढ़ चुकी होती है. ऐसे में बचाव के लिए कम उम्र में वैक्सीन देना ज्यादा असरदार माना जाता है. इसी वजह से सरकार ने 14 साल की लड़कियों को इस अभियान में प्राथमिकता दी है, ताकि वे भविष्य में HPV संक्रमण से बेहतर सुरक्षा पा सकें.
अभियान का लक्ष्य क्या है?
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान का लक्ष्य लगभग 1.15 करोड़ किशोरियों तक HPV वैक्सीन पहुंचाना है. तीन महीने में 50 लाख लड़कियों तक पहुंचना इस अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. इस अभियान के जरिए स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से लड़कियों को वैक्सीन दी जा रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंच सके.
HPV वैक्सीन क्यों जरूरी है?
- यह HPV संक्रमण से बचाव में मदद करती है.
- सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम कर सकती है.
- कम उम्र में वैक्सीनेशन लेने से शरीर बेहतर इम्यून प्रतिक्रिया बना पाता है.
- यह महिलाओं के लंबे समय के स्वास्थ्य की सुरक्षा में मददगार कदम है.
क्या सिर्फ वैक्सीन लेने से पूरी सुरक्षा मिल जाती है?
विशेषज्ञों के अनुसार HPV वैक्सीन सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन इसके साथ नियमित स्वास्थ्य जांच भी जरूरी है. महिलाओं को समय-समय पर सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग करवानी चाहिए, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते पता लगाया जा सके.
एक बड़ी स्वास्थ्य पहल
HPV वैक्सीनेशन अभियान सिर्फ एक टीकाकरण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह बेटियों के भविष्य के स्वास्थ्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. अगर ज्यादा से ज्यादा लड़कियां समय पर वैक्सीन लेती हैं, तो आने वाले वर्षों में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: डेंगू-मलेरिया पर अलर्ट! स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने राज्यों को दिए सख्त निर्देश, जानें बचाव के उपाय
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

