Monsoon Health Tips 2026: गर्मी से राहत देने वाला मानसून अपने साथ कई बीमारियों को भी संग लाता है. ऐसे में हेल्थ के प्रति सतर्क होने की जरूरत होती है. बारिश शुरू होते ही वातावरण में नमी बढ़ जाती है और कई जगहों पर पानी जमा होने लगता है. ऐसा वातावरण बैक्टीरिया, वायरस और मच्छरों के पनपने के लिए बेस्ट होता है जिससे इस मौसम में उनकी संख्या तेजी से बढ़ती है. वहीं दूसरी तरफ बीमारियों का दौर भी शुरू हो जाता है. यही कारण है कि बरसात के मौसम में कई संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
बता दें कि इस बार भारत में मानसून के जून के पहले सप्ताह से मध्य जून के बीच केरल में पहुंचने की संभावना है. इसके बाद यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों में फैलता है. उत्तर भारत, जैसे दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मानसून आमतौर पर 25 जून से 10 जुलाई के बीच पहुंचता है. ऐसे में मानसून आने से पहले आपको किन खास बातों का ध्यान रखना है. इन बातों की मदद से आप अपने आस-पास के लोगों बीमारियों के प्रति सतर्क कर पाएंगे. चलिए जानते हैं.
मानसून में बढ़ जाती बीमारियां बढ़
डेंगू और मलेरिया
बारिश के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है. बारिश के कारण जगह-जगह पानी जमा हो जाता है, जो मच्छरों के पनपने का वातावरण भी बनाता है. डेंगू एडीज मच्छर से फैलता है, जिसमें तेज बुखार, सिरदर्द और शरीर में दर्द जैसे लक्षण होते हैं. वहीं मलेरिया एनाफिलीज मच्छर के काटने से होता है, जिसमें ठंड लगकर तेज बुखार आता है. इन बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई रखना, पानी जमा न होने देना, मच्छरदानी का उपयोग करना और पूरी बाजू के कपड़े पहनना जरूरी है। समय पर सावधानी से इनसे बचा जा सकता है.
वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और फ्लू
मानसून के मौसम में वायरल फीवर, सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी बीमारियां तेजी से फैलती हैं. मौसम में लगातार नमी और तापमान में बदलाव के कारण शरीर की इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. वायरल फीवर में बुखार, सिरदर्द, शरीर दर्द और कमजोरी महसूस होती है. सर्दी-जुकाम में नाक बहना, छींक आना और गले में खराश जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. फ्लू में तेज बुखार, खांसी और थकान होती है. इनसे बचाव के लिए साफ-सफाई रखना, हाथ धोना, भीड़ से बचना, पौष्टिक आहार लेना और पर्याप्त आराम करना बहुत जरूरी होता है.
टाइफाइड और पेट से जुड़ी बीमारियां
मानसून के दौरान टाइफाइड और पेट से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. बारिश के कारण पानी और भोजन आसानी से गंदे हो जाते हैं, जिससे बैक्टीरिया और संक्रमण फैलने का डर रहता है. टाइफाइड में तेज बुखार, कमजोरी, सिरदर्द और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. इसके अलावा गैस्ट्रोएंटेराइटिस, डायरिया और उल्टी जैसी समस्याएं भी होना आम बात है. गंदे पानी पीने और बाहर का गंदा भोजन खाने से यह बीमारियां तेजी से फैलती हैं. इसलिए बचाव जरूरी है.
हेपेटाइटिस A और E
मानसून के मौसम में हेपेटाइटिस A और E संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. यह रोग मुख्य रूप से दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन के सेवन से फैलता है. इन वायरस से लीवर प्रभावित होता है और पीलिया जैसी स्थिति पैदा हो सकती है. इसके लक्षणों में आंखों और त्वचा का पीला पड़ना, थकान, कमजोरी, भूख न लगना, उल्टी और पेट दर्द शामिल हैं. गंभीर मामलों में मरीज को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ सकती है. इससे बचाव के लिए साफ और उबला पानी पीना, स्वच्छ भोजन करना और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है.
इन बातों का रखें ध्यान
- दूषित पानी कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है.
- केवल साफ या उबला हुआ पानी पिएं.
- हाथों की सफाई का ध्यान रखें.
- खाना खाने से पहले और बाहर से आने के बाद साबुन से हाथ जरूर धोएं.
- मच्छरों से बचकर रहें.
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छर कंट्रोल के उपाय अपनाएं.
- ताजा भोजन करें.
- बासी, खुले में रखा हुआ और अस्वच्छ भोजन खाने से बचें.
- इम्यूनिटी मजबूत रखें.
- विटामिन-C से भरपूर फल, हरी सब्जियां, पर्याप्त पानी, अच्छी नींद और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं.
रखें ध्यान
एक्सपर्ट के अनुसार मानसून के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी हेल्थ को नुकसान पहुंचा सकती है. इसलिए बारिश के मौसम में साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. ऐसे में साफ-सफाई, बैलेंस्ड खाना, साफ पानी और मच्छरों से बचाव जैसे उपायों को अपनाना बेहद जरूरी है. समय रहते सावधानी बरतकर डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर, फ्लू और पेट जैसी बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: बढ़ेंगी कीमोथेरेपी दवाओं की कीमत! सरकार ने दी दाम बढ़ाने की मंजूरी
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं. )

