AIIMS Guidelines For Social Media: देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान AIIMS दिल्ली ने छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नई सोशल मीडिया गाइडलाइन जारी की है. संस्थान का कहना है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग सुनिश्चित करने और AIIMS की छवि को सुरक्षित रखने के लिए ये नियम लागू किए गए हैं.
नई गाइडलाइन के अनुसार कोई भी छात्र, कर्मचारी या संस्थान से जुड़ा व्यक्ति AIIMS दिल्ली के नाम, लोगो, प्रतीक चिन्ह या आधिकारिक ब्रांडिंग का इस्तेमाल बिना लिखित अनुमति के नहीं कर सकेगा. यह नियम सोशल मीडिया पोस्ट, पोस्टर, बैनर, वीडियो, रील्स और ब्लॉग समेत सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लागू होगा.
मरीजों की जानकारी साझा करने पर सख्त रोक
AIIMS ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मरीज की निजी या मेडिकल जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. ऐसा करना मरीज की गोपनीयता का उल्लंघन माना जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है.
परीक्षा से जुड़ी सामग्री भी नहीं कर सकेंगे शेयर
संस्थान ने छात्रों और कर्मचारियों को परीक्षा प्रश्नपत्र, उत्तर कुंजी या अन्य गोपनीय शैक्षणिक दस्तावेज सोशल मीडिया पर साझा करने से भी मना किया है. AIIMS का कहना है कि इससे शैक्षणिक ईमानदारी और संस्थान की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है.
आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स के लिए भी बने नियम
AIIMS ने छात्र संगठनों, विभागों और अन्य आधिकारिक इकाइयों द्वारा संचालित सोशल मीडिया अकाउंट्स के लिए भी नियम तय किए हैं. ऐसे अकाउंट्स को संबंधित विभाग में पंजीकृत कराना होगा और उनके एडमिन की जानकारी संस्थान को देनी होगी.
नियम तोड़ने वालों पर हो सकती है कार्रवाई
AIIMS ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले छात्रों या कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है. संस्थान का उद्देश्य जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना और किसी भी तरह के कानूनी या प्रतिष्ठागत नुकसान से बचाव करना है.
AIIMS ने क्यों उठाया यह कदम?
AIIMS का मानना है कि सोशल मीडिया संवाद और जानकारी साझा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन संस्थान के नाम और पहचान का गलत या अनधिकृत इस्तेमाल कानूनी विवाद और संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है. इसी वजह से यह व्यापक सोशल मीडिया नीति लागू की गई है.
यह भी पढ़ें: दवाओं पर लगेगा QR कोड, नकली दवाओं पर लगेगी रोक! जानिए सरकार का नया प्लान
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

