CDSCO Guidelines: केंद्र सरकार ने IVF (इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन) और सरोगेसी सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट की बिक्री को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं. सरकार का कहना है कि अब IVF और अन्य सहायक प्रजनन तकनीकों (ART) में उपयोग होने वाले मीडिया, रिएजेंट्स और अन्य जरूरी प्रोडक्ट केवल उन्हीं केंद्रों को बेचे या सप्लाई किए जाएंगे, जो कानूनी रूप से रजिस्टर्ड हैं.
इस संबंध में केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने एक नया सर्कुलर जारी किया है. इसमें निर्माताओं, आयातकों, वितरकों और अन्य संबंधित कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे इन प्रोडक्ट्स की आपूर्ति केवल ART Act, 2021 और Surrogacy Act, 2021 के तहत पंजीकृत केंद्रों को ही करें.
बिना रजिस्टर्ड केंद्रों तक पहुंच रहे थे IVF प्रोडक्ट
भारत के औषधि नियंत्रक जनरल (DCGI) डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि CDSCO को जानकारी मिली थी कि IVF और ART प्रक्रियाओं में इस्तेमाल होने वाले कुछ मेडिकल प्रोडक्ट ऐसे संस्थानों को भी सप्लाई किए जा रहे हैं, जो संबंधित कानूनों के तहत रजिस्टर्ड नहीं हैं. सरकार ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
मेडिकल डिवाइस की श्रेणी में आते हैं ये प्रोडक्ट
CDSCO के अनुसार, IVF, भ्रूण संरक्षण (Cryopreservation) और अन्य ART प्रक्रियाओं में इस्तेमाल होने वाले मीडिया, रिएजेंट्स और संबंधित सामग्री मेडिकल डिवाइस की श्रेणी में आते हैं. इनके निर्माण और आयात के लिए वैध लाइसेंस होना जरूरी है. ऐसे में यदि इनका उपयोग गैर-पंजीकृत केंद्रों में किया जाता है, तो इससे मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ सकता है.
मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता
अधिकारियों का कहना है कि सरकार का मुख्य उद्देश्य IVF और सरोगेसी सेवाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है. नए नियमों से अनियमित गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और मरीजों के हितों की बेहतर सुरक्षा हो सकेगी.
क्या होगा फायदा?
- केवल रजिस्टर्ड IVF और सरोगेसी केंद्रों को ही जरूरी प्रोडक्ट मिलेंगे.
- मरीजों को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप सेवाएं मिल सकेंगी.
- गैर-कानूनी और अनियमित IVF केंद्रों पर रोक लगेगी.
- ART और सरोगेसी सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी.
- मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर संरक्षण मिलेगा.
सरकार का मानना है कि यह कदम देश में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और नियमों के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
यह भी पढ़ें: Ebola Alert: भारत सरकार ने फिर शुरू किया Air Suvidha Portal, इन यात्रियों के लिए SDF भरना हुआ जरूरी
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

