NPPA New Drug Prices: अगर आपके घर में कोई डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी या हड्डियों से जुड़ी समस्या की दवा लेता है, तो यह खबर राहत देने वाली है. केंद्र सरकार ने 30 जरूरी दवाओं की अधिकतम कीमत (MRP) तय कर दी है. अब कोई भी मेडिकल स्टोर इन दवाओं को तय कीमत से ज्यादा दाम पर नहीं बेच सकेगा. नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 27 मई को इस संबंध में आदेश जारी किया है. इसका मकसद मरीजों को महंगी दवाओं से राहत देना और पूरे देश में दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करना है.
दरअसल, भारत में अक्सर एक ही दवा अलग-अलग ब्रांड के नाम पर अलग-अलग कीमतों में बिकती है. कई बार मरीजों को सही कीमत की जानकारी नहीं होती और उन्हें ज्यादा पैसे देने पड़ जाते हैं. सरकार के नए फैसले के बाद इन जरूरी दवाओं की एक तय सीमा होगी, जिससे मनमाने दाम वसूलने पर रोक लगेगी.
इन कीमतों पर बिकेगी दवाएं
डायबिटीज के मरीजों के लिए इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं की कीमत तय की गई है. Vildagliptin और Metformin की कॉम्बिनेशन टैबलेट अब 9.79 रुपये प्रति टैबलेट से ज्यादा में नहीं बिकेगी. वहीं Sitagliptin, Glimepiride और Metformin वाली दवा की कीमत 10.39 से 11.91 रुपये प्रति टैबलेट तय की गई है.
ब्लड प्रेशर और दिल के मरीजों के लिए भी राहत की खबर है. Bisoprolol और Amlodipine की कॉम्बिनेशन दवा 7.31 से 9.40 रुपये प्रति टैबलेट में मिलेगी.
वहीं Cilnidipine और Telmisartan की दवा की कीमत 12.98 से 14.95 रुपये तय की गई है. कोलेस्ट्रॉल कम करने वाली Atorvastatin और Fenofibrate की दवा अब 18.46 रुपये प्रति टैबलेट में उपलब्ध होगी. इसके अलावा Vitamin D3, कैल्शियम और अन्य पोषण संबंधी दवाओं की कीमत भी नियंत्रित की गई है.
सरकार ने ट्रांसप्लांट मरीजों को भी बड़ी राहत दी है. Tacrolimus Prolonged Release Capsule, जो किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के बाद दी जाती है, उसकी कीमत 127 रुपये प्रति कैप्सूल तय की गई है.
दुकानदारों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
NPPA के अनुसार, अगर कोई दुकानदार तय MRP से ज्यादा पैसे वसूलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है. मरीज दवा खरीदते समय पैकिंग पर लिखी कीमत जरूर जांचें और जरूरत पड़ने पर शिकायत भी कर सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से लंबे समय तक दवाएं लेने वाले मरीजों का खर्च कम होगा और आम लोगों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: देश में तेजी से बढ़ रही मोटापा और डायबिटीज की समस्या, नए सर्वे ने बढ़ाई चिंता
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

