Work place Stress: ऑफिस का काम, डेडलाइन, मीटिंग्स और लगातार बढ़ती जिम्मेदारियां कामकाजी जीवन का हिस्सा बन चुकी हैं। लेकिन जब काम का दबाव कर्मचारियों की मानसिक सेहत, निजी जिंदगी और प्रोडक्टिविटी पर असर डालने लगे तो यह केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं रह जाती, बल्कि कंपनियों और अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती बन जाती है।
हाल के वर्षों में सामने आई रिपोर्टस ये बता रही हैं कि अगर आप बेमन से काम कर रहे हैं तो इससे पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था बिगड़ सकती है। वर्कप्लेस स्ट्रेस यानी काम से जुड़ा तनाव अब एक गंभीर आर्थिक और सामाजिक मुद्दा बन चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कंपनियां कर्मचारियों के लिए बेहतर माहौल और संतुलित काम का कल्चर नहीं बना पाती तो इसका असर उत्पादकता, कर्मचारियों की संतुष्टि और संस्थान की साख पर पड़ सकता है।
तनाव और डिप्रेशन से दुनिया को अरबों डॉलर का नुकसान : Employees Satisfaction & Economy Loss
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार डिप्रेशन और चिंता जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था को हर साल लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर (करीब 10 लाख करोड़ डॉलर) का नुकसान होता है। इसका बड़ा कारण कर्मचारियों की घटती उत्पादकता और काम से गायब होना है। WHO का अनुमान है कि यदि कार्यस्थलों पर मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जाए तो दुनिया भर में हर साल करोड़ों अतिरिक्त कामकाजी दिन जोड़े जा सकते हैं। इसका सीधा असर उत्पादकता और आर्थिक विकास पर पड़ेगा।
WHO के मुताबिक दुनिया की लगभग 60 प्रतिशत आबादी किसी न किसी रूप में कामकाजी है। वहीं मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों की संख्या एक अरब से अधिक है, जिनमें बड़ी संख्या कामकाजी युवाओं की है। WHO यह भी साफ करता है कि काम का दबाव (Pressure) और काम का तनाव (Stress) एक जैसी चीजें नहीं हैं।
काम का उचित दबाव कर्मचारियों को प्रेरित कर सकता है और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित कर सकता है। लेकिन जब काम का बोझ क्षमता से अधिक हो जाए, जिम्मेदारियां स्पष्ट न हों, प्रबंधन से सहयोग न मिले या कार्यस्थल का माहौल नकारात्मक हो जाए, तब यही दबाव तनाव में बदल जाता है।
लगातार चिड़चिड़ापन, छुट्टी लेने में डर महसूस होना, काम के बाद भी मानसिक रूप से काम में उलझे रहना, नींद की समस्या और कार्यस्थल से बचने की कोशिश करना ऐसे संकेत हैं जो बताते हैं कि व्यक्ति तनाव की चपेट में आ सकता है।
भारतीय युवाओं के लिए नौकरी बन रही तनाव की सबसे बड़ी वजह : Reason For Stress
एक सर्वेक्षण में पाया गया कि बड़ी संख्या में युवा अपनी नौकरी को तनाव का सबसे बड़ा कारण मानते हैं।
सर्वे के अनुसार:
- 81% युवाओं का मानना है कि उनके जीवन में तनाव की सबसे बड़ी वजह नौकरी है।
- काम का दबाव, कार्यस्थल का माहौल और खराब प्रबंधन तनाव के तीन प्रमुख कारण हैं।
- 67% युवाओं ने माना कि काम के तनाव की वजह से उनकी नींद प्रभावित हुई है।
- 72% महिलाओं को सोमवार को ऑफिस जाने से पहले तनाव महसूस होता है, जिसे आमतौर पर “Monday Blues” कहा जाता है।
- लगभग 71% महिलाएं Burnout की स्थिति का अनुभव कर चुकी हैं।
- 10 में से 9 महिलाओं का मानना है कि कंपनियों को वर्क-लाइफ बैलेंस पर अधिक ध्यान देना चाहिए।
रिश्तों और सोशल मीडिया से भी बढ़ रहा तनाव : Work Place Stress
नौकरी के अलावा व्यक्तिगत रिश्ते भी युवाओं के तनाव का बड़ा कारण बन रहे हैं।
सर्वेक्षण के मुताबिक:
- 87% युवाओं को लगता है कि रिश्ते टूटने का डर उन्हें तनाव देता है।
- 86% महिलाओं ने भी रिश्तों को लेकर चिंता और तनाव महसूस करने की बात कही।
दिलचस्प बात यह है कि सोशल मीडिया भी अब तनाव की प्रमुख वजहों में शामिल हो चुका है।
लाइक्स, कमेंट्स, फॉलोअर्स की संख्या जैसे ऑनलाइन Foot prints युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही हैं। कई युवाओं ने तनाव कम करने के लिए सोशल मीडिया से अस्थायी दूरी बनाने की कोशिश की, हालांकि बहुत कम लोग लंबे समय तक ऐसा कर पाए।
भारत में कर्मचारी कितने खुश हैं? Work Place Stress In India
Analytics और एडवाइज़री फर्म Gallup की “State of the Global Workplace 2026” रिपोर्ट के मुताबिक भारत में केवल 23% कर्मचारी अपने काम से वास्तव में जुड़े (Engaged) हुए महसूस करते हैं, जबकि यह आंकड़ा 2022 में 33% था। यानी पिछले कुछ वर्षों में कर्मचारी और कंपनी के जुड़ाव में गिरावट आई है।
रिपोर्ट के अनुसार:
- भारत में 28% कर्मचारियों ने कहा कि वे रोजाना तनाव महसूस करते हैं।
- 36% कर्मचारियों ने उदासी या भावनात्मक परेशानी महसूस करने की बात कही।
- कर्मचारी जुड़ाव में गिरावट को वैश्विक स्तर पर उत्पादकता में भारी नुकसान से जोड़ा गया है।
हालांकि एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया है। हाल ही में प्रकाशित ADP Research की रिपोर्ट के अनुसार भारत कार्यस्थल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अपनाने में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। रिपोर्ट में पाया गया कि जो कर्मचारी नियमित रूप से AI टूल्स का उपयोग करते हैं, उनमें तनाव अपेक्षाकृत कम और कार्य संतुष्टि अधिक देखी गई।
कंपनियां क्या कर सकती हैं? Solution for Work Place Stress
विशेषज्ञ मानते हैं कि कार्यस्थल पर तनाव को केवल व्यक्तिगत समस्या मानना गलत होगा। इसके लिए कंपनियां काफी हद तक ज़िम्मेदार है।
कर्मचारियों की मानसिक सेहत और उत्पादकता बेहतर करने के लिए कंपनियां कुछ कदम उठा सकती हैं:
- कर्मचारियों से नियमित संवाद
- काम का विभाजन साफ और स्पष्ट
- Realistic टारगेट तय करना
- वर्क-लाइफ बैलेंस को बढ़ावा देना
- मैनेजरों और टीम लीडर्स को बेहतर प्रशिक्षण देना
- कर्मचारियों को ब्रेक और लचीले कार्य विकल्प देना
काम जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन जब नौकरी व्यक्ति की मानसिक शांति और निजी जीवन पर हावी होने लगे तो इसमें नुकसान कंपनी का ही है। क्योंकि आखिरकार, खुश कर्मचारी केवल बेहतर काम ही नहीं करते, बल्कि बेहतर संगठन और बेहतर अर्थव्यवस्था भी बनाते हैं।
ये भी पढ़ें : Natural Ways to Reduce Stress: भागदौड़ भरी जिंदगी में हो रहा है तनाव, योगा के अलावा अपनाएं ये तरीके
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

