Sattu Recipe: मई का आधा महीना निकल चुका है. गर्मी अपने प्रचंड रूप में आ चुकी है. घर के बाहर निकलते ही गर्म हवा शरीर में जलन पैदा कर देती है. ऐसे में खुद को हेल्दी रखने के लिए कुछ खास प्रकार का भोजन खाना आपकी मदद कर सकता है.
गर्मी के मौसम में शरीर को हेल्दी खाने के साथ-साथ ऐसे भोजन की जरूरत होती है जो शरीर को ठंडा रखें. ऐसे में सत्तू एक ऐसा ही पारंपरिक सुपरफूड है. यह भुने हुए चने को पीसकर बनाया जाता है. प्रोटीन, फाइबर और खनिजों से भरपूर यह आहार, गर्मियों में शरीर को ठंडक देने और तुरंत एनर्जी देने का काम करता है.
सत्तू का शरबत
सत्तू का आप शरबत बना सकते हैं. इसे बनाने के लिए सत्तू में ठंडा पानी, नींबू का रस, काला नमक, भुना जीरा और थोड़ा हरा धनिया मिलाकर सभी सामग्री को अच्छे से मिला लें. आप चाहें तो इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए हरी मिर्च और प्याज भी डाल सकते हैं. ये शरबत शरीर को तुरंत एनर्जी देने का काम करता है. सुबह खाली पेट, नाश्ते के समय या दोपहर में गर्मी और थकान दूर करने के लिए सत्तू का शरबत पी सकते हैं.
सत्तू पराठा
कई घरों में सत्तू का पराठा भी बनाया जाता है. इसे बनाने के लिए आप सत्तू में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, अचार का मसाला, धनिया पत्ती और मसाले मिला लें. सभी को अच्छे से मिलाकर बर्तन में रख लें, अब आटा तैयार करें. आटे में सत्तू की स्टफिंग भरें. और तवे पर तेल लगाकर दोनों तरफ से अच्छे से सेंक लें.सुबह नाश्ते या दोपहर के भोजन में सत्तू का पराठा खाना बेहतर होता है. यह पेट भरकर ऊर्जा देता है और लंबे समय तक भूख नहीं लगने देता.
सत्तू चीला
आप चाहें तो सत्तू चीला भी बना सकते हैं. ये एक हेल्दी और हल्का विकल्प साबित होगा. सत्तू चीला बनाने के लिए प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, धनिया और मसाले मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार करें. इसे आप तवे पर हल्के-हल्के सेंक लें. आप सुबह नाश्ते, शाम के हल्के भोजन या वर्कआउट के बाद सत्तू का चीला खा सकते हैं. यह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और एनर्जी मिलती है.
इन पोषक तत्व से भरपूर सत्तू
स्वाद से भरपूर ये भोजन बिहार, यूपी और झारखंड जैसे राज्यों में बड़े शौक से खाया जाता है. ये एक देशी और पारंपरिक सुपरफूड है. सत्तू फाइबर, प्रोटीन, आयरन, मैग्नीशियम और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर पाया जाता है, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देता है. गर्मियों में इसका सेवन सही माना जाता है क्योंकि ये शरीर को ठंडक देने का काम भी करता है. आप सत्तू से कई तरह की स्वादिष्ट रेसेपी बनाकर डाइट में शामिल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: एक दिन में कितने चम्मच तेल खाते हैं आप? डॉक्टर ने बताई सही मात्रा; देखें VIDEO
FAQs
सवाल: सत्तू का शरबत कब पीना चाहिए?
जवाब: सुबह या दोपहर में पीना अच्छा माना जाता है.
सवाल: सत्तू शरीर को ठंडक क्यों देता है?
जवाब: इसमें फाइबर, खनिज और इलेक्ट्रोलाइट्स होते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट रखते हैं.
सवाल: सत्तू का चीला कब खाया जा सकता है?
जवाब: नाश्ते, शाम के हल्के भोजन या वर्कआउट के बाद खाया जा सकता है.
(Disclaimer: यहां दी गई सलाह और ये कॉन्टेंट केवल सामान्य जानकारी के लिए पेश किया गया है. यानी ये जानकारी किसी भी तरह से डॉक्टर्स राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए आप किसी एक्सपर्ट्स या फिर जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उस क्षेत्र के डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही उस एडवाइस पर अमल करें. Fit Rahe India इस जानकारी के लिए किसी भी जिम्मेदारी का दावा नहीं करता है. इस तरह के कॉन्टेंट को देखने के लिए आप हमारे Youtube चैनल के साथ जुड़ सकते हैं.)

